Advertisement

घटना का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं, निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं – गागड़ा

व्यक्तिगत मामले को पार्टी से जोड़कर राजनीति कर रहे हैं विधायक – फूलचंद गागड़ा

बीजापुर,
भोपालपट्टनम ब्लॉक में हाल ही में घटित घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री श्री फूलचंद गागड़ा ने इस पूरे मामले को व्यक्तिगत करार देते हुए कहा है कि इसे पार्टी से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विधायक विक्रम शाह मंडावी द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता को पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और राजनीति से प्रेरित बताया है।

भाजपा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट कहा कि भोपालपट्टनम क्षेत्र में हुई घटना भाजपा कार्यकर्ता बिलाल खान का व्यक्तिगत मामला है, जिसका भारतीय जनता पार्टी से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद विधायक द्वारा इसे पार्टी से जोड़कर प्रस्तुत करना दुर्भावनापूर्ण राजनीति का उदाहरण है।

गागड़ा ने कहा कि विधायक विक्रम शाह मंडावी जानबूझकर इस मामले को राजनीतिक रंग देकर भाजपा की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जनता के बीच अपनी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से इस व्यक्तिगत घटना को पार्टी से जोड़कर प्रचारित कर रहे हैं, जो निंदनीय है।

उन्होंने आगे कहा कि विधायक द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि सत्ताधारी दल के दबाव में कार्रवाई हुई है, जबकि यह पूरी तरह से तथ्यहीन और बेबुनियाद है। भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के इस प्रकार के आरोप लगाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

फूलचंद गागड़ा ने यह भी कहा कि विधायक अति उतावलापन में राजनीतिक लाभ उठाने के प्रयास में भाजपा पर दबाव बनाने जैसे आरोप मढ़ रहे हैं, जबकि सच्चाई इससे कोसों दूर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कानून और संविधान में पूर्ण आस्था रखती है और किसी भी प्रकार की अनुचित या अवैधानिक कार्रवाई का समर्थन नहीं करती।

अंत में गागड़ा ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को राजनीतिक मंच बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे जनहित का कोई सरोकार नहीं है।