Advertisement

कलेक्टर ने किया कोचवाही के बहु क्रियाशील केंद्र का निरीक्षण

समूह के महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध होने के लिए किया प्रोत्साहित

नारायणपुर 09 सितंबर 2025// कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो ने जिले के ग्राम कोचवाही में संचालित बहु-क्रियाशील केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यह केंद्र कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन में 8 महिला स्व-सहायता समूहों के लगभग 60 सदस्यों के माध्यम से पुनः सक्रिय कर विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गाय पालन, मुर्गी पालन, मछली सह बतख पालन, वर्मी कम्पोस्ट, सब्जी उत्पादन, कुकीज़ निर्माण जैसी इकाइयों का जायजा लिया। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं को इस कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए कार्य की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से न केवल स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा, बल्कि जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. दिब्येंदु दास द्वारा बताया गया कि कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगातार तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक महिलाओं को कृषि, पशुपालन, मछली पालन, खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक सिखा रहे हैं, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है। कलेक्टर ने उपस्थित महिला समूहों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुँचा सकें और आत्मनिर्भर बन सकेंगें। इस अवसर पर सरपंच कोचवाही सगनुराम पोटाई, मां शितला समूह के अध्यक्ष संगोन्ती करंगा एवं स्व-सहायता सूमह के सदस्य उपस्थित थे।

 

संवाददाता – खुमेश यादव