संवाददाता – उइका नरेश
स्थान – सुकमा, छत्तीसगढ़
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा में अंतरविद्यालयीन विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
सुकमा, 05 फरवरी 2026/
पीएम श्री गतिविधि के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा में गुरुवार को अंतरविद्यालयीन विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता तथा अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश के वैज्ञानिक, नवप्रवर्तक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। ऐसी विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक और प्रयोगात्मक शिक्षा भी उतनी ही जरूरी है, जिससे विद्यार्थी वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान खोज सकें।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखता है। इस अवसर पर उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी वैज्ञानिक नवाचार, प्रयोगात्मक शिक्षा और व्यवहारिक अधिगम के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अंतरविद्यालयीन विज्ञान प्रदर्शनी में सुकमा जिले के छह प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों—डीएवी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), कन्या शाला शिक्षा परिसर, आईएमएसटी तथा जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, सतत कृषि, स्वास्थ्य विज्ञान, आधुनिक तकनीकी उन्नति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित नवाचारी और कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक समझ, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी सहभागी विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की गई।
कार्यक्रम का समापन आयोजन समिति द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस सफल आयोजन का समन्वयन श्री मोहम्मद रफ़ी, पीजीटी (जीव विज्ञान) द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थल प्रभारी प्राचार्य श्री बलराम जाटव, वरिष्ठतम शिक्षक श्री राकेश ओझा, श्रीमती रज़िया मोहम्मद सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












