बस्तर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि को नदी कटाव और बाढ़ से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जल संसाधन विभाग द्वारा ग्राम भैसगांव के समीप नारंगी नदी पर ₹298.02 लाख की लागत से स्वीकृत तटरक्षण कार्य का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने विधिवत भूमिपूजन कर किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में हर्ष और संतोष का माहौल देखने को मिला।

भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत माँ दंतेश्वरी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सांसद महेश कश्यप का भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह उत्सवमय वातावरण में तब्दील हो गया। 

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि नारंगी नदी के तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले ग्रामीणों के लिए वर्षा ऋतु हमेशा चिंता का कारण रही है। हर साल बाढ़ के कारण किसानों की फसलें नष्ट हो जाती थीं और कई बार आवासीय क्षेत्रों पर भी खतरा उत्पन्न हो जाता था। उन्होंने कहा कि यह तटरक्षण परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे न केवल किसानों की कृषि भूमि सुरक्षित होगी, बल्कि ग्रामीणों को बाढ़ और नदी कटाव से स्थायी राहत भी मिलेगी।


सांसद कश्यप ने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। जल संसाधन विभाग द्वारा किया जा रहा यह कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा और आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगा।
जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल ने डबल इंजन सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नारंगी नदी पर तटरक्षण कार्य ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत प्रदान करेगी और बाढ़ की समस्या से निजात दिलाएगी।

वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी ने कहा कि जल संसाधनों से जुड़े इस प्रकार के निर्माण कार्य ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार विकास के अपने संकल्प पर दृढ़ता से आगे बढ़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जयवती कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, रामानंद मिश्रा, उदबोराम नाग, ग्राम सरपंच मदन बघेल, ग्राम पुजारी सहित कुलधर भारती, अर्जुन कोर्राम, चैतन भारती, जगदीश मोर्य, चमेली साहू, सुस्मिता मिस्त्री, बसंती पटेल, फूलसिंह, जीवनाथ बघेल, बलराम साहनी, सोनारू, रामसाय, पिंकी मोर्य, शतबती मोर्य, पिल्लूराम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

तटरक्षण कार्य के शुभारंभ से ग्रामीणों में शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यह परियोजना समयबद्ध रूप से पूर्ण होगी और क्षेत्र को बाढ़ एवं नदी कटाव की समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा।











