“मेरे घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज और धमकी दी गई है। एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जा सकता। मैं चाहती हूं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।”
महिला कांग्रेस की स्टेट सेक्रेटरी सायमा अशरफ ने आज जगदलपुर के बोधघाट थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने वाहन सीज करने के बहाने उनके घर में जबरन प्रवेश किया और उनके साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और धमकी दी।
सायमा अशरफ के अनुसार, 4 से 5 व्यक्ति बिना किसी वैध अनुमति के उनके आवास में दाखिल हुए और उनकी कार को सीज करने की बात कहते हुए दबाव बनाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद संबंधित लोग जबरन कार्रवाई करने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने पर सायमा अशरफ ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तथाकथित आरोपियों को हिरासत में लेकर बोधघाट थाना लाई।
इसके पश्चात कांग्रेस नेत्री स्वयं भी थाने पहुंचीं और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए औपचारिक आवेदन सौंपा।
क्या है पूरा मामला
मीडिया से बातचीत में सायमा अशरफ ने बताया कि आज सुबह कुछ लोग गोपी उइके नामक व्यक्ति के साथ उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग गाली-गलौज करते हुए उनकी कार को जबरन सीज करने की धमकी दे रहे थे और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति नशे की हालत में था, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई। सायमा अशरफ ने कहा कि एक महिला के साथ इस प्रकार का अभद्र व्यवहार अस्वीकार्य है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेत्री ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सायमा अशरफ ने कहा कि
“एक महिला के साथ इस तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। मैं चाहती हूं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – सायमा अशरफ, स्टेट सेक्रेटरी, महिला कांग्रेस
“मेरे घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज और धमकी दी गई है। एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जा सकता। मैं चाहती हूं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।”











