राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत नवोदय विद्यालय बीजापुर एवं अंगादेव मेला में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बीजापुर।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बीजापुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नवोदय विद्यालय, बीजापुर में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर तथा रोड सेफ्टी सेल से श्री अवध सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।
रोड सेफ्टी सेल के श्री अवध सिन्हा ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का महत्व समझाते हुए सड़क संकेतों की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरों, नाबालिग वाहन चालन के दुष्परिणाम तथा सुरक्षित यात्रा के व्यवहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सड़क पर सतर्कता और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।

यातायात प्रभारी का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर ने कहा कि
“सड़क पर चलने वाला प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करे, क्योंकि ये नियम दंड के लिए नहीं बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं। यदि वे अभी से नियमों को अपनाएंगे, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सावधानी, संयम और नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है। विद्यार्थियों ने भी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

अंगादेव मेला, गोरना (मद्देड थाना क्षेत्र) में यातायात जागरूकता रथ का आगमन
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत मद्देड थाना क्षेत्र के ग्राम गोरना में आयोजित अंगादेव मेला के अवसर पर यातायात जागरूकता रथ को भी पहुँचाया गया। मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणजनों एवं श्रद्धालुओं को यातायात विभाग के कर्मचारियों एवं मद्देड थाना प्रभारी द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
थाना प्रभारी का संदेश
थाना प्रभारी ने अपने संदेश में कहा कि—
“त्योहारों, मेलों एवं भीड़-भाड़ के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। शराब पीकर वाहन न चलाएँ, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। आपकी सतर्कता ही आपके परिवार की सुरक्षा है।”
मेले में उपस्थित लोगों को पंपलेट वितरण, मौखिक संदेश एवं जागरूकता रथ के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दौरान पूरे बीजापुर जिले में यातायात विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों एवं विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।











