Advertisement

बीजापुर में चिरायु स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

113 बच्चों को मिला निःशुल्क विशेषज्ञ उपचार, 75 सर्जिकल केस रायपुर रेफर


जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी एवं सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिला चिकित्सालय, बीजापुर परिसर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए एकदिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से चिरायु टीम द्वारा चिन्हित बच्चों को लाकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर की सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ टीम ने अपनी सेवाएँ दीं, जिसमें कार्डियोलॉजिस्ट, अनुभवी जनरल सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल थे। इसके अतिरिक्त जिला चिकित्सालय बीजापुर के नाक-कान-गला, नेत्र रोग एवं अस्थि रोग विशेषज्ञों द्वारा भी बच्चों का परीक्षण एवं उपचार किया गया।

113 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर के दौरान कुल 113 बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें प्रमुख रूप से—

  • जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 36 बच्चे

  • कटे होंठ एवं तालू के 10 बच्चे

  • टेढ़े-मेढ़े पैर के 3 बच्चे

  • हर्निया के 24 बच्चे

  • जन्मजात मोतियाबिंद के 2 बच्चे

  • चर्म रोग के 6 बच्चे

  • कान रोग के 8 बच्चे

  • अन्य बीमारियों से ग्रसित बच्चे शामिल रहे।

75 सर्जिकल केस रायपुर रेफर

जांच उपरांत 75 बच्चों को सर्जिकल उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया, जहाँ उनका संपूर्ण इलाज आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा। शेष बच्चों को जिला अस्पताल से आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क प्रदान की गईं।

शिविर के दौरान एक बच्चे को कान की मशीन उपलब्ध कराई गई तथा 37 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। रायपुर रेफर किए गए सभी बच्चों के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था शासन द्वारा सुनिश्चित की गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण

शिविर का अवलोकन करते हुए संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री वरुण साहू, डॉ. सजल बाफना, डॉ. चंद्रशेखर, समस्त चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बच्चों के स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

चिरायु स्वास्थ्य शिविर जिले के बच्चों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल साबित हुआ है, जिससे गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद मिली है।