बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सांसद श्री कश्यप ने जिले में संचालित योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की जानकारी ली। नियद नेल्ला नार सहित अन्य प्रमुख विभागीय योजनाओं की प्रस्तुति जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर द्वारा दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं दिशा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

शांति एवं विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का मूल उद्देश्य है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि सुकमा जैसे संवेदनशील जिले में शांति की स्थापना के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों की पहचान एवं उपचार, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण, सिकल सेल एवं एनीमिया जांच की प्रगति की भी समीक्षा की और इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

कृषि, आजीविका और किसानों के हितों पर फोकस
सांसद श्री कश्यप ने परंपरागत खेती के साथ-साथ किसानों को मक्का जैसी वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बुनियादी सुविधाओं की गुणवत्ता पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, विद्युत विभाग एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण तथा जल जीवन मिशन के कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
दिव्यांगजनों को प्राथमिकता
सांसद श्री कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजनों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, वरिष्ठ पार्टी प्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, नगर पालिका परिषद सुकमा अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, जनपद पंचायत सुकमा अध्यक्ष श्री संतोष ईडो, जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कवासी, जिला पंचायत सदस्य एवं दिशा समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।











