Advertisement

होनहार छात्रों की उड़ान: प्रेरणा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित विद्यार्थी

जिले के लिए गौरव की बात है कि यहां के होनहार छात्र–छात्राओं का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रेरणा उत्सव के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी गुजरात के बड़नगर में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेकर भारत की समृद्ध कला एवं संस्कृति से परिचित होंगे और जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रेरणा उत्सव के लिए जिले से दो विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयन की प्रक्रिया पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बीजापुर में विभिन्न योग्यताओं के आकलन एवं प्रतियोगिता के माध्यम से संपन्न हुई। चयनित विद्यार्थियों में राहुल ओयाम (पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बीजापुर) एवं निशा यादव (स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, भैरमगढ़) शामिल हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय श्री अरुण कुमार तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एल. धनेलिया ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शैक्षणिक भ्रमण के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रेरणा उत्सव के अंतर्गत चयनित बच्चों के यात्रा, आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था नवोदय विद्यालय समिति द्वारा की जाएगी। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रीय संस्कृति से जुड़ाव तथा नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।