Advertisement

स्लग – शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में छात्र संघ का शपथ ग्रहण

सांसद महेश कश्यप ने मनोनीत पदाधिकारियों को दिलाई पद की शपथ

जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में गुरुवार को छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए गठित नई छात्र संघ कार्यकारिणी के औपचारिक गठन के उद्देश्य से किया गया।

इस कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मनोनीत छात्र संघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और विद्यार्थियों को जिम्मेदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया।

मेरिट के आधार पर हुआ छात्र संघ का मनोनयन

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के नियमों एवं अंतिम मेरिट सूची में प्रावीण्यता के आधार पर छात्र संघ का मनोनयन किया गया।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत एमएससी (कृषि) अंतिम वर्ष के छात्र सुहैल खान को छात्र संघ अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं बीएससी (कृषि) चतुर्थ वर्ष की छात्रा निशु सिंह को उपाध्यक्ष, एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा एन. यमुना को सचिव तथा देवीदत्त जेना को सह-सचिव पद के लिए मनोनीत किया गया।

शपथ ग्रहण के पश्चात सांसद श्री महेश कश्यप ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि नई टीम छात्र हितों की रक्षा, शैक्षणिक वातावरण को सशक्त बनाने तथा महाविद्यालय के समग्र विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

छात्र हित और नेतृत्व क्षमता पर दिया गया जोर

अपने संबोधन में सांसद श्री कश्यप ने कहा कि छात्र संघ महाविद्यालय और विद्यार्थियों के बीच सेतु की भूमिका निभाता है। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अनुशासन, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को सशक्त बनाएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में नेतृत्व क्षमता, सामूहिक कार्य और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है, जो भविष्य में राष्ट्र निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।

विभिन्न सोसायटियों और कक्षा प्रतिनिधियों ने भी ली शपथ

समारोह के दौरान मुख्य कार्यकारिणी के अतिरिक्त महाविद्यालय की विभिन्न सोसायटियों एवं कक्षाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने दायित्वों की शपथ ली।

एनसीसी एवं एनएसएस के लिए गरिमा वर्मा,
जेंडर ऑन सोसाइटी के लिए पूनम साहू,
साइंस क्लब के लिए देवीदत्त जेना,
सोशल वर्क के लिए लोचन सिंह मीना,
कल्चरल सोसाइटी के लिए अदयाशा पति,
और स्पोर्ट्स सोसाइटी के लिए दीपशिखा दीवान को अतिरिक्त सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।

इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने हेतु
आराधना टी. भास्कर, पार्थवी नाग, संजना वर्मा, प्रांजल पाण्डेय, अदयाशा पति एवं जयंत मंडावी ने कक्षा प्रतिनिधि के रूप में शपथ ग्रहण की।

महाविद्यालय प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं उद्बोधन से हुई।
इस अवसर पर डॉ. ए.के. ठाकुर, छात्र संघ चुनाव प्रभारी डॉ. एन.सी. मंडावी, डॉ. रोशन परिहार, डॉ. सोनाली कर, डॉ. आर.आर. कंवर, डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. भुजेंद्र कोठारी, डॉ. रेशमा कौशल, डॉ. चेतना खांडेकर, डॉ. विनीता पाण्डे, श्री सोहन पांडे, श्री एम.बी. तिवारी, श्री योगेश कोसरिया सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

31 मई 2026 तक रहेगा कार्यकाल प्रभावी

महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि नव-नियुक्त छात्र संघ का कार्यकाल विश्वविद्यालय के नियमानुसार 31 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने छात्र हित, अनुशासन एवं संस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।