Advertisement

बीजापुर में महिलाओं के लिए दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में बीजापुर जिले की महिलाओं के लिए दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह भ्रमण कार्यक्रम 12 एवं 13 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ, जिसमें जिले की कुल 30 महिलाओं ने सहभागिता की। इनमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत चयनित 6 महिलाएं भी शामिल रहीं।

यह एक्सपोजर विजिट जिला पंचायत बीजापुर की डीपीएम श्रीमती कल्पना दीप एवं एरिया कोऑर्डिनेटर श्री अविनाश तामो के नेतृत्व में आयोजित की गई। भ्रमण के दौरान महिलाओं को महुआ बीज (टोरा) से तेल उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के तहत महिलाओं को तेल प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, उत्पाद का मूल्य संवर्धन, संग्रहण तथा विपणन से संबंधित व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों द्वारा उत्पादन की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ बाजार की मांग और बिक्री रणनीतियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

यह एक्सपोजर विजिट भवसर फाउंडेशन द्वारा संचालित Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) Scheme के माध्यम से आयोजित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता, प्रसंस्करण एवं विपणन गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है

जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के एक्सपोजर विजिट कार्यक्रमों से महिलाओं को न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है, बल्कि उन्हें बाजार की समझ, नवाचार की जानकारी और आत्मविश्वास भी मिलता है। इससे महिलाएं भविष्य में स्थानीय स्तर पर आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेंगी और अपने परिवार व समाज के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।