Advertisement

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुँच सके।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इस सांस्कृतिक आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग बस्तर की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं एवं पारंपरिक कलाओं से जुड़ें। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन 13 से 16 जनवरी 2026 के मध्य संभावित है, जिसके लिए सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण की जाएँ।

बस्तर की संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बस्तर पंडुम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को बस्तर की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों, कलाकारों एवं स्थानीय प्रतिभाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नामजद अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता, अनुशासन एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम सफल एवं स्मरणीय बन सके।

वनाधिकार एवं तेंदूपत्ता संग्राहकों से जुड़े मामलों पर निर्देश

कलेक्टर ने वनाधिकार प्राप्त किसानों के फौती नामांतरण के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक खाता विहीन तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए विशेष अभियान चलाकर शीघ्र बैंक खाते खुलवाने को कहा। इसके अतिरिक्त नवीन वनाधिकार आवेदनों को समय-सीमा के भीतर निराकृत कर जिला स्तरीय समिति को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।

नियद नेल्लानार योजना की प्रगति पर विशेष फोकस

बैठक में नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत शामिल ग्रामों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों में गति लाने एवं धरातल पर शीघ्र परिणाम दिखाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, समस्त अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) उपस्थित रहे।