Advertisement

यात्री सुरक्षा को लेकर सुकमा में सघन बस निरीक्षण, 13 बसों पर कार्रवाई, एक बस जब्त

कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री बसों का सघन एवं संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियमबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

जिला परिवहन अधिकारी श्री शिवभगत रावटे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिले में संचालित यात्री बसों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 13 यात्री बसों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें आवश्यक दस्तावेजों की कमी, फिटनेस संबंधी खामियां, कर भुगतान में अनियमितता एवं सुरक्षा मानकों के उल्लंघन जैसे मामले शामिल हैं। इन सभी बसों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का समझौता शुल्क (फाइन) आरोपित किया गया।

निरीक्षण के दौरान एक यात्री बस पर एक लाख रुपये से अधिक का कर बकाया पाया गया। गंभीर अनियमितता को देखते हुए संबंधित बस को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया और सुरक्षार्थ कोतवाली थाना सुकमा में रखा गया है।

जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी बस संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, समय पर कर भुगतान सुनिश्चित करें तथा वाहन की फिटनेस, बीमा एवं अन्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने वाली बसों में ही सफर करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखाई देने पर परिवहन विभाग या जिला प्रशासन को सूचित करें। इस निरीक्षण अभियान से जिले में यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।