Advertisement

सहकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि, लोगों को किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक

 

स्व. प्रहलाद सिंह ठाकुर की स्मृति में निःशुल्क हेलमेट वितरण, सड़क सुरक्षा का संदेश

लोहंडीगुड़ा।
विकासखंड लोहंडीगुड़ा में छत्तीसगढ़ क्रेडा तकनीशियन सहकर्मियों द्वारा स्वर्गीय प्रहलाद सिंह ठाकुर की स्मृति में निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि स्व. प्रहलाद सिंह ठाकुर का 2 जनवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से विभाग एवं क्षेत्र में शोक की लहर थी।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. प्रहलाद सिंह ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सहकर्मियों द्वारा आम नागरिकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए, जिसके माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

स्व. प्रहलाद सिंह ठाकुर छत्तीसगढ़ क्रेडा विभाग में सोलर तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे। उनके सहकर्मियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर उपस्थित लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी श्री रवि कुमार बैगा ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग किया जाए। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में लोहंडीगुड़ा थाना के पुलिसकर्मी, छत्तीसगढ़ क्रेडा तकनीशियन सहकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सहकर्मियों एवं मित्रों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।