36वें यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत जिला पुलिस बीजापुर द्वारा 13 जनवरी 2026 को लोहाडोंगरी में जनसामान्य को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु जुंबा नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के संदेश को सरल, रोचक एवं प्रभावी माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री सुदीप सरकार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर यातायात नोडल अधिकारी श्री विनीत कुमार साहू, यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर, डीआरजी यातायात बल के जवान, आत्मसमर्पित नक्सली तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। आत्मसमर्पित नक्सलियों की उपस्थिति ने समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात नोडल अधिकारी श्री विनीत कुमार साहू ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
जुंबा नृत्य कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षित यातायात का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक रहा।
उल्लेखनीय है कि जिले में प्रतिवर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत रैली, जनसंवाद, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह 36वां यातायात जागरूकता माह है, जिसके माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पुलिस बीजापुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के लिए प्रेरित करें।











