Advertisement

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने पीएमश्री विद्यालय धनोरा का किया निरीक्षण, शिक्षा और सुविधाओं की ली विस्तृत समीक्षा

कोंडागांव। जिले के धनोरा स्थित पीएमश्री विद्यालय का शुक्रवार को कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को पीएमश्री योजना के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने विद्यालय के कम्प्यूटर कक्ष, पुस्तकालय (लाइब्रेरी), विज्ञान प्रयोगशाला सहित विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पीएमश्री विद्यालय योजना का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीक, बेहतर अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इसके लिए विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार सभी कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में म्यूजिक टीचर की व्यवस्था, बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन से कहा कि छात्रों के लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए जिससे वे आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकें और भविष्य में अपने लक्ष्य हासिल कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय में चल रहे सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए।

पीएमश्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कलेक्टर ने कोर टीम के गठन के निर्देश भी दिए। यह टीम विद्यालय की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और अधोसंरचना विकास की नियमित समीक्षा करेगी।

निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जिले के विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकें।