जगदलपुर। बस्तर जिले के बकावंड तहसील में किसानों को समर्पित एक महत्वपूर्ण किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। सम्मेलन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों ने भाग लिया और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है, जो होली पर्व से पहले सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया गया है। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक संबल मिला है और वे आने वाले खेती के कार्यों के लिए अधिक आत्मविश्वास के साथ तैयारी कर सकेंगे। 
सांसद कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की गई है। यह योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले दो वर्षों में इस योजना के अंतर्गत 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी जा चुकी है, जो अब बढ़कर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। सांसद कश्यप ने कहा कि यह निर्णय किसानों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर किसान मजबूत बने और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिले। 
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि धान खरीदी की अंतर राशि सीधे बैंक खातों में मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है और इससे खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करना आसान हुआ है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शुभाऊ राम कश्यप, जनपद अध्यक्ष सोनभारी भद्रे, भाजपा जिला महामंत्री परिस बेसरा, तरुण पांडेय, धनुरजय कश्यप, रोहित त्रिवेदी, शशिनाथ पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ संवाद भी किया गया और उनकी समस्याओं व सुझावों को भी सुना गया।

सांसद महेश कश्यप ने अंत में कहा कि सरकार का लक्ष्य है “समृद्ध किसान, सशक्त छत्तीसगढ़” और इसी संकल्प के साथ राज्य में किसान हितैषी योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।













