बीजापुर।
बीजापुर मिनी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय वालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रिय नेता, पूर्व मंत्री एवं छत्तीसगढ़ वालीबॉल संघ के ऊर्जावान प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री महेश गागड़ा जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची सभी टीमों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। 
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए श्री गागड़ा जी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा में ऊर्जा प्रदान करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी अंचल में अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है, जिससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि जिले को देशभर में एक नई और सकारात्मक पहचान भी मिलती है। श्री गागड़ा जी ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, खेल समिति और आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। 
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम नजर आया। दर्शकों की भारी उपस्थिति ने खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री श्री संजय लुकड़ जी, श्री पूलचंद गागड़ा जी, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष श्री सुखलाल पुजारी जी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री हरिहर साहनी जी, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री संदीप तेलम जी, जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया मांडवी जी, श्री मैथियास कुजूर जी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती माया झाड़ी जी, जनपद अध्यक्ष भैरमगढ़ श्रीमती दसरी कोरसा जी, जनपद अध्यक्ष उसूर सुश्री पूर्णिमा तेलम जी सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, जनपद सदस्य, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, खेल प्रेमी और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में बीजापुर मिनी स्टेडियम खेल रोमांच का केंद्र बना रहेगा।













