Advertisement

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों से मिले भाजपा शीर्ष नेता, नई जिम्मेदारियों पर चर्चा

रायपुर/
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय परिचयात्मक बैठक का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं जिला अध्यक्षों की सहभागिता रही।   

बैठक की अध्यक्षता माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यनारायण सिंह जी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में माननीय क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल जी उपस्थित रहे। यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें संगठन की भावी दिशा, कार्यशैली एवं जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यनारायण सिंह जी एवं माननीय क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल जी ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों एवं जिलाध्यक्षों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और अनुसूचित जनजाति मोर्चा की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और समर्पण भाव से संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएं। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी और महत्वाकांक्षी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

माननीय क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल जी ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि संगठनात्मक अनुशासन, निरंतर संवाद और जमीनी स्तर पर सक्रियता ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन की नीति, सिद्धांत और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ करें।

बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि श्री जिलाराम राणा जी, प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी श्री अरविन्द पुजारी जी, भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष श्री संदीप तेलम जी सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं विभिन्न जिलों के अध्यक्षगण उपस्थित रहे।

इस परिचयात्मक बैठक के माध्यम से संगठनात्मक समन्वय को सुदृढ़ करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा अनुसूचित जनजाति समाज के हितों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई और संगठन को नई ऊर्जा एवं दिशा देने वाली सिद्ध हुई।