बीजापुर।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में विकासखंड भोपालपटनम में विकासखंड स्तरीय स्वस्थ पंचायत सम्मेलन का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन जनपद पंचायत भोपालपटनम के सामुदायिक भवन में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से जुड़े विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में विकासखंड अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों की स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सम्मेलन की शुरुआत स्वास्थ्य एवं पोषण विषयक जनजागरूकता रैली से की गई, जिसमें बैनरों और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ गांव ही समृद्ध पंचायत की नींव होता है।

रैली के पश्चात आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी तरह समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े प्रयास तभी सफल होंगे जब पंचायत स्तर पर सहभागिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित होगी।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सहभागिता पर बल दिया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानीन दीदियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही मोबाइल एकेडमी के अंतर्गत अपना प्रशिक्षण कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली मितानीनों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करता है।
सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं और समाधान हेतु ज्ञापन सौंपे। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल लगभग 145 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े 5 आवेदन, हैंडपंप से संबंधित 29 आवेदन, वृद्धा पेंशन से 56 आवेदन, उज्ज्वला योजना से 16 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग से 5 आवेदन, सीसी सड़क एवं सड़क मरम्मत से 19 आवेदन, फुल-फुलिया निर्माण से 10 आवेदन, आवास से संबंधित 2 आवेदन, राशन कार्ड से 1 आवेदन तथा परिवार सहायता राशि से संबंधित 2 आवेदन शामिल हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं समन्वय की एक मजबूत कड़ी स्थापित हुई। स्वस्थ पंचायत के संकल्प के साथ आयोजित यह सम्मेलन न केवल जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बना, बल्कि ग्रामीण समस्याओं के त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।













