सुकमा कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर द्वारा जनपद पंचायत सुकमा अंतर्गत ग्राम पंचायत रामाराम में गुरुवार को ‘संध्या आवास चौपाल’ का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया तथा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए। 
चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति को लेकर चर्चा की गई। सीईओ जिला पंचायत ने निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता, समय-सीमा एवं तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों से कहा कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
इसके साथ ही बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने, बचत एवं ऋण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को शासन की विभिन्न आजीविका योजनाओं की जानकारी भी दी।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं उनके नियमित उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। अपूर्ण शौचालय निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा खुले में शौच की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मजदूरी भुगतान में तेजी लाने एवं पात्र श्रमिकों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन लगातार गांवों तक पहुंचकर संवाद स्थापित कर रहा है। संध्या आवास चौपाल जैसे कार्यक्रमों से न केवल योजनाओं की निगरानी होती है, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान भी त्वरित रूप से किया जा सकता है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सुकमा की सीईओ सुश्री निधि प्रधान, जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना श्री राकेश निराला, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













