प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित ‘सहयोग केंद्र’ में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन के दौरान लोगों ने व्यक्तिगत, सामाजिक एवं विभागीय समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर उपमुख्यमंत्री ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। 
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए उनका मार्गदर्शन भी किया। इस अवसर पर सहयोग केंद्र प्रभारी श्री सच्चिदानंद उपासने सहित पार्टी पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सहयोग केंद्र के माध्यम से नियमित रूप से जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें मंत्रीगण निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं को सुनते हैं। उन्होंने कहा कि सहयोग केंद्र सरकार और संगठन के बीच सेतु के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। 
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनसामान्य की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है। इससे न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों का भी शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक पहुंचे, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, स्थानीय विकास, रोजगार एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। 
कार्यक्रम के दौरान कई आवेदकों की समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर निराकरण होने से नागरिक संतोष और प्रसन्नता व्यक्त करते नजर आए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को सहयोग केंद्र के माध्यम से प्रस्तुत करें, ताकि सरकार तक उनकी आवाज सीधे पहुंच सके और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।













