शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बीजापुर द्वारा भारतीय यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के बैनर तले एक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवीय सेवा से जुड़े कार्यक्रम में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी से संबद्ध छात्र-छात्राओं ने उत्साह, अनुशासन और सेवा भाव के साथ भाग लेते हुए कुल 11 यूनिट रक्तदान किया। शिविर के दौरान युवाओं में समाज सेवा के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। 
रक्तदान शिविर का आयोजन जिला रेडक्रॉस शाखा बीजापुर तथा जिला अस्पताल बीजापुर के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का प्रमुख उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। साथ ही, युवाओं में मानवता, करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का संदेश भी दिया गया

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। 
इस अवसर पर जिला संगठक श्री नर्वेद सिंह, डॉ. सी.के. राहंगडाले, प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर, श्री नायक, प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बीजापुर, श्री चितरंजन लाल, प्रभारी अधिकारी रेडक्रॉस शाखा शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर सहित दोनों संस्थानों के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा की। 
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को समाज के प्रति अधिक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।














