Advertisement

पीपरडांड प्राथमिक शाला में दैनिक अखबार वाचन की शुरुआत, छात्रों में ज्ञान और जागरूकता का विकास

अखबार वाचन से ज्ञान की ओर कदम: पीपरडांड प्राथमिक शाला में अभिनव शैक्षणिक पहल

रायपुर, 11 फरवरी 2026
छात्रों के लिए प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ना एक अत्यंत लाभकारी आदत है। इससे वे समसामयिक घटनाओं, महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों और विविध विचारों से अवगत होते हैं। साथ ही, गुणवत्तापूर्ण भाषा और सुव्यवस्थित सामग्री के नियमित संपर्क से उनकी पढ़ने-लिखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है। शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे जीवन से जोड़ने की दिशा में सरगुजा जिले के विकासखंड प्रेमनगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पीपरडांड में एक सराहनीय एवं अभिनव पहल की गई है।

विद्यालय में विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या में अब अखबार वाचन को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य परीक्षा-केंद्रित शिक्षा प्रणाली को ज्ञान-केंद्रित शिक्षा की ओर ले जाना है, जिससे विद्यार्थी केवल रटने के बजाय समझने और सोचने की प्रक्रिया से जुड़ सकें।

इस पहल के संबंध में सहायक शिक्षक श्री राजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते मोबाइल स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में पठन-संस्कृति लगातार कमजोर होती जा रही है। ऐसे में समाचार पत्र वाचन बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी बौद्धिक क्षमता विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत विद्यालय की प्रार्थना सभा अब केवल अनुशासनात्मक गतिविधि तक सीमित न रहकर जागरूकता की पाठशाला के रूप में विकसित की जा रही है। विद्यार्थी प्रतिदिन अखबार की प्रमुख सुर्खियां पढ़ेंगे और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से परिचित होंगे।

इसके अतिरिक्त, सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को किसी संपादकीय विषय पर मौलिक लेखन एवं समूह चर्चा के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों में विचार-विमर्श की क्षमता, संवाद कौशल, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति तथा नैतिक मूल्यों का विकास होगा।

विद्यालय की इस नवाचारपूर्ण पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और भविष्य में अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।