Advertisement

शिक्षक अनुपस्थिति से सुकमा के विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में

सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ओंदेरपारा, भेजी में बीते तीन दिनों से एक भी शिक्षक उपस्थित नहीं रहने का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय में शिक्षकों की लगातार अनुपस्थिति के कारण प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों ने बताया कि दिनांक 9, 10 और 11 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे तक भी कोई शिक्षक विद्यालय नहीं पहुँचा। शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण बच्चे विद्यालय परिसर के बाहर खेलते हुए नजर आए। बच्चों का कहना है कि रोज़ की तरह वे पढ़ने की उम्मीद लेकर स्कूल पहुँचते हैं, लेकिन शिक्षक नहीं होने के कारण उन्हें बिना पढ़ाई के ही वापस लौटना पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि शिक्षक उपस्थिति पंजी में केवल 7 फरवरी की ही उपस्थिति दर्ज है, इसके बाद के दिनों में किसी भी शिक्षक के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इससे साफ जाहिर होता है कि विद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब शिक्षा देने वाले गुरु ही विद्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे, तो बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिल पाएगी। लगातार शिक्षकों की अनुपस्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए तथा लापरवाह शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और विद्यालय में नियमित शिक्षण व्यवस्था बहाल की जा सके।