Advertisement

कलेक्टर अमित कुमार ने एजुकेशन सिटी का किया व्यापक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर ली कक्षाएं

कलेक्टर अमित कुमार ने एजुकेशन सिटी का किया व्यापक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर ली कक्षाएं


कलेक्टर श्री अमित कुमार ने गुरुवार को सुकमा स्थित एजुकेशन सिटी का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पावारास, क्षितिज कोचिंग (नीट-जेईई) सेंटर, एकलव्य उत्कृष्ट बालिका आवासीय विद्यालय बालाटिकरा, केंद्रीय विद्यालय सुकमा एवं डीएवी विद्यालय परिसर का दौरा कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं एवं शिक्षण गुणवत्ता की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कुमार ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया, कक्षाएं लीं और उन्हें बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

पॉलिटेक्निक कॉलेज में शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा

कलेक्टर श्री कुमार ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सुकमा पहुंचकर मैकेनिकल शाखा के छात्रों से चर्चा की। उन्होंने प्रयोगशाला कार्य, तकनीकी प्रशिक्षण एवं अकादमिक प्रगति की समीक्षा करते हुए बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री हेमंत सिंहा एवं एपीसी श्री आशीष राम उपस्थित रहे।

विद्यालयों में चौमुखी विकास पर दिया जोर

एजुकेशन सिटी के विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक, शारीरिक एवं नैतिक विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का शैक्षणिक उन्नयन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण प्रक्रिया की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनकी दिनचर्या, पढ़ाई की पद्धति एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

मिड-डे मील व निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण

कलेक्टर श्री कुमार ने विद्यालय परिसर में रसोई कक्ष का निरीक्षण किया और भोजन तैयार कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर स्वच्छता, पोषण एवं गुणवत्ता मानकों की जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने परिसर में चल रहे अतिरिक्त निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नीट-जेईई छात्रों को दी प्रेरणा

जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क संचालित क्षितिज कोचिंग सेंटर का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे छात्रों को बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए तथा नींव मजबूत रखने एवं नियमित अभ्यास पर जोर दिया।

स्मार्ट शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

कलेक्टर श्री कुमार ने शैक्षणिक संस्थानों में स्मार्ट बोर्ड, लाइब्रेरी एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कलेक्ट्रेट से एजुकेशन सिटी तक सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए पेवर ब्लॉक पाथवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।