Advertisement

इलाज के दौरान दंतेवाड़ा अस्पताल में तोड़ा दम

डीएवी स्कूल के छात्र की हॉस्टल की छत से गिरने से मौत

भैरमगढ़/दंतेवाड़ा/
डीएवी स्कूल हॉस्टल में अध्ययनरत छात्र कोमल कडियम की छत से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बीती रात लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद शिक्षा संस्थान और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोमल कडियम डीएवी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। डीएवी हॉस्टल के अधीक्षक जगदीश झाड़ी ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे छात्र के हॉस्टल की छत से गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तत्काल छात्र को उपचार के लिए भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

भैरमगढ़ अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. भोले ने छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद हॉस्टल अधीक्षक द्वारा बिना विलंब किए एंबुलेंस के माध्यम से छात्र को दंतेवाड़ा अस्पताल भेजा गया।

दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा लगातार इलाज किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते छात्र कोमल कडियम ने सुबह लगभग 4:30 बजे दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान छात्र को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका।

छात्र की मृत्यु के बाद शव को दंतेवाड़ा से उसके गृह ग्राम नेलसनार लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।