भाजपा नेता द्वारा दो आदिवासी युवकों की गिरफ्तारी पर विधायक विक्रम मंडावी ने लगाया सत्ता दुरुपयोग का आरोप
विधायक ने कलेक्टर बीजापुर के नाम सौंपा ज्ञापन
बीजापुर (छत्तीसगढ़)।
भोपालपटनम क्षेत्र में दो आदिवासी युवकों की गिरफ्तारी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को बीजापुर विधायक श्री विक्रम मंडावी ने भोपालपटनम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सत्ता का खुला दुरुपयोग बताया। विधायक ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस वार्ता में विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि यह घटना 5 जनवरी 2026 की है। उनके अनुसार भोपालपटनम थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान से मिलने पहुंचे दो आदिवासी युवक—संदीप तलाण्डी एवं आत्रम रमेश—को कथित रूप से मनगढ़ंत आरोप लगाकर हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद थाना प्रभारी द्वारा दोनों युवकों को छोड़ दिया गया था, लेकिन बाद में भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता के दबाव में एक झूठी कहानी गढ़कर दोनों को पुनः गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

विधायक मंडावी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में इतने चूर हो चुके हैं कि वे निर्दोष आदिवासी युवकों को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर आदिवासियों को डराया जा रहा है और बेबुनियाद मामलों में उन्हें जेल भेजा जा रहा है, जो लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा,
“भाजपा नेता सत्ता के अहंकार में आदिवासियों पर अत्याचार कर रहे हैं। निर्दोष युवकों को जबरन जेल भेजना गंभीर अपराध है। यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आदिवासी समाज को डराना और दबाना है।”

विधायक विक्रम मंडावी ने इस पूरे मामले को भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासियों के खिलाफ रची गई साजिश करार देते हुए इसकी निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने दोनों आदिवासी युवकों की तत्काल रिहाई की भी मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के पश्चात विधायक विक्रम मंडावी ने पीड़ित परिवारजनों के साथ एसडीएम भोपालपटनम को कलेक्टर बीजापुर के नाम ज्ञाप












