Advertisement

विशेष गहन पुनरीक्षण पर राजनैतिक दलों से चर्चा दावा-आपत्ति सूची सौंपी गई

निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण: दावा-आपत्तियों पर राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित

बीजापुर, 08 जनवरी 2026।
निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारंभिक प्रकाशन के पश्चात द्वितीय सप्ताह में प्राप्त दावा-आपत्तियों के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनैतिक दलों की बैठक मंगलवार को कलेक्टर परिसर स्थित सभागृह में आयोजित की गई।

बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की अब तक की प्रगति एवं संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। इस दौरान द्वितीय सप्ताह में प्राप्त दावा-आपत्तियों की सूची फॉर्म क्रमांक 9, 10, 11, 11ए एवं 11बी के माध्यम से सभी दलों को प्रदाय की गई, जिसकी विधिवत पावती भी ली गई। साथ ही दावा-आपत्तियों से संबंधित संख्यात्मक विवरण की जानकारी भी साझा की गई।

ईआरओ द्वारा बताया गया कि 31 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 की अवधि में कुल 460 दावा-आपत्तियाँ प्राप्त हुई हैं। इन सभी दावा-आपत्तियों की सूची बैठक में उपस्थित समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। इस संबंध में उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों से टेस्टिमोनियल भी प्राप्त किए गए।

बैठक के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने राजनैतिक दलों से अपील की कि वे मतदाताओं को नोटिस तामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग करें तथा अधिक से अधिक पात्र नवीन मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही निष्पक्ष, त्रुटिरहित एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली का निर्माण संभव है।