जिले के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों हेतु एक दिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 09 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को जिला चिकित्सालय, बीजापुर परिसर में प्रातः 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक आयोजित होगा।

यह शिविर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. आर. पुजारी तथा सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की रहेगी मौजूदगी
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर की सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ टीम अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। टीम में कार्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ), अनुभवी जनरल सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
इसके साथ ही जिला चिकित्सालय बीजापुर के नाक-कान-गला (ईएनटी), नेत्र रोग एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ भी शिविर में उपस्थित रहकर बच्चों का परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक उपचार करेंगे।
निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा
शिविर के दौरान बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान चिन्हित बीमारियों से ग्रसित बच्चों को आवश्यक उपचार “आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना” के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।
अभिभावकों से अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. आर. पुजारी ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में लाकर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार से बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सकता है।
यह शिविर जिले में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।












