कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में सुकमा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय पेसा दिवस (24 दिसंबर 2025) के अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से शासन की नवीन एवं महत्वाकांक्षी योजना ‘विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (VB G RAM G) का व्यापक एवं प्रभावी प्रचार–प्रसार किया गया।
प्रशासन की इस पहल से जिले के ग्रामीण अंचलों में रोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भरता को लेकर नई उम्मीद और विश्वास का संचार हुआ। विशेष ग्राम सभाओं को उत्सवपूर्ण स्वरूप देते हुए ग्रामीणों ने रंगोली, पोस्टर, पंपलेट, दीवार लेखन एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए योजना के उद्देश्यों और लाभों को जन–जन तक पहुंचाया। इससे जिले भर में जन-जागरूकता का सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
ग्राम सभाओं में सरपंच, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों द्वारा ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बताया गया कि ‘विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार के वयस्क सदस्यों को प्रति वर्ष 125 दिवस का वैधानिक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रावधान ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी आजीविका को सशक्त एवं स्थायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
योजना के अंतर्गत ग्राम सभाओं के माध्यम से आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं अन्य विकासात्मक कार्यों का चयन किया जाएगा। इनमें से 50 प्रतिशत कार्यों का निष्पादन सीधे ग्राम पंचायतों द्वारा किया जाएगा, जिससे ग्राम स्तर पर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इससे ग्रामीणों की भागीदारी भी सशक्त होगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी।
प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान की पूर्ण गारंटी दी जाएगी। साथ ही भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी होने पर मुआवजा दिए जाने का प्रावधान भी सुनिश्चित किया गया है। यह व्यवस्था शासन की श्रमिक–हितैषी नीति, जवाबदेही और पारदर्शी प्रशासन का सशक्त उदाहरण है।

विशेष ग्राम सभाओं में सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगणों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने योजना का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया। ग्रामीणों का कहना था कि यह योजना न केवल रोजगार प्रदान करेगी, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रशासन ने सभी ग्रामवासियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने, समय पर पंजीयन कराने एवं ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि ग्रामीण विकास की इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाया जा सके।












