Advertisement

कबीरधाम के 10 गांवों को मिलेगी स्थायी बिजली, सेमो में बनेगा नया 33/11 केवी उपकेंद्र

 


ग्राम सेमो को मिली 2.38 करोड़ की बड़ी सौगात, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया नवीन विद्युत उपकेंद्र का भूमिपूजन

रायपुर/कबीरधाम
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम सेमो को 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत भूमि पूजन कर उपकेंद्र निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के 10 गांवों के लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस उपकेंद्र के निर्माण से लंबे समय से क्षेत्र में चली आ रही लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने और कृषि पंपों को पर्याप्त बिजली न मिलने जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। ग्राम सेमो में स्थापित होने वाला यह उपकेंद्र न केवल बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगा।

ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता — उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी गांव-गांव तक पहुंचे। सरकार केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहकर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उपकेंद्र क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और छोटे उद्योगों के लिए वरदान साबित होगा।

उन्होंने बताया कि इस उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा तथा यहां से 3 अलग-अलग 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। इससे क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी और कृषि कार्यों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति संभव हो सकेगी।

10 गांव होंगे लाभान्वित

नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित कुल 10 गांव सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। वर्तमान में इन गांवों की बिजली आपूर्ति बिजई उपकेंद्र से संचालित सोनबरसा बस्ती फीडर एवं सोनबरसा पंप फीडर के माध्यम से की जा रही है, जहां कृषि पंपों की अधिक संख्या के कारण लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी रहती थी।

किसानों को मिलेगा विशेष लाभ

क्षेत्र में लगभग 500 से अधिक कृषि पंप संचालित हैं। नए उपकेंद्र के निर्माण से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और स्थिर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से भी राहत मिलेगी।

जनसमस्याओं का किया गया समाधान

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामवासियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।